नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ और खाद्य सुरक्षा के गंभीर उल्लंघनों के मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए मेसर्स सूर्या फूड एंड एग्रो लिमिटेड (प्रियागोल्ड बिस्किट), मेसर्स डोडला डेयरी लिमिटेड और मेसर्स यूईआईआर ऑर्गेनिक फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा शुरू करने की मंजूरी दे दी है। इसके अलावा, एफएसएस एक्ट 2006 के तहत ‘शून्य सहिष्णु’ नीति का हवाला देते हुए प्राधिकरण ने नरपधम फूड्स, सन रिजेस हेल्थ केयरर्स और मेसर्स शाह कांतिलाल जयंतीलाल को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। उपभोक्ता की शिकायत पर एफएसएसएआई के मेसर्स सूर्या फूड एंड एग्रो लिमिटेड के संयंत्र का निरीक्षण किये जाने पर गंभीर अनियमितताएं सामने आयी। जांच में खुलासा हुआ कि कंपनी अपने मशहूर ‘प्रियागोल्ड’ बिस्किट में फाइबर के स्रोत के रूप में इंसानों के खाने में इस्तेमाल न होने लायक और पशु चारे के लिए निर्धारित चोकर का कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल कर रही थी।
संयंत्र में मिली बोरियों पर स्पष्ट रूप से पशु चारे से जुड़े होने के निशान पाये गये। इसके साथ ही परिसर में कीट नियंत्रण, कच्चे माल के भंडारण, रख-रखाव और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता में भारी कमियां पायी गयी, जिसके चलते कंपनी का लाइसेंस पहले ही निलंबित कर दिया गया था। एक अन्य कार्रवाई में मेसर्स यूईआईआर ऑर्गेनिक फूड्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बेची जा रही ‘पीली किशमिश’ (जो ऑर्गेनिक उत्पाद के रूप में बेची जा रही थी) को नियामकीय नमूने को जांच में असुरक्षित पाया गया। फूड एनालिस्ट और रेफरल फूड लेबोरेटरी दोनों की जांच में किशमिश में तय अनुमेय सीमा से कहीं अधिक मात्रा में हानिकारक कीटनाशक पाये गये। इसमें मुख्य रूप से थायामेथॉक्सम, फ्लुओपिराम, एजोक्सिस्ट्रोबिन, इमिडाक्लोप्रिड और माइक्लोबुटानिल जैसे खतरनाक पेस्टीसाइडों के अवशेष शामिल थे।
प्राधिकरण ने दुग्ध उत्पाद बनाने वाली प्रमुख कंपनी मेसर्स डोडला डेयरी लिमिटेड (दूध, दही, घी एवं अन्य डेयरी उत्पाद) के खिलाफ भी खाद्य सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघनों को लेकर कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी है। इसके अतिरिक्त, खाद्य एवं स्वास्थ्य उत्पाद श्रेणी से जुड़ी नरपधम फूड्स, सन रिजेस हेल्थ केयरर्स और मेसर्स शाह कांतिलाल जयंतीलाल को गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।

