सौंसर:लोधीखेड़ा रेलवे स्टेशन पर यात्री आरक्षण प्रणाली काउंटर की सुविधा मंगलवार से विधिवत शुरू हो गई है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल द्वारा यह सेवा प्रारंभ किए जाने से क्षेत्र के रेल यात्रियों को अब आरक्षित टिकट बनवाने के लिए दूर-दराज के स्टेशनों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
लोधीखेड़ा स्टेशन पर आरक्षण केंद्र खोलने की मांग को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड़ एवं पूर्व जोनल रेलवे सदस्य विजय धवले ने 24 अप्रैल 2026 को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था। जनप्रतिनिधियों ने महाप्रबंधक को क्षेत्रीय यात्रियों की समस्याओं से अवगत कराते हुए तत्काल आरक्षण काउंटर शुरू करने की जरूरत रेखांकित की थी।
रेलवे प्रशासन ने इस मांग पर संज्ञान लेते हुए स्टेशन पर आरक्षण काउंटर की मंजूरी देकर इसे शुरू कर दिया है।
रेलवे के अनुसार, लोधीखेड़ा स्टेशन पर आरक्षण काउंटर प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से 3:00 बजे तक संचालित होगा। निर्धारित समयावधि में यात्री लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए आरक्षित टिकट प्राप्त कर सकेंगे। इस सुविधा के बहाल होने से लोधीखेड़ा सहित आसपास के दर्जनों ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों व नियमित यात्रियों में हर्ष का माहौल है।
