इंदौर। मुख्यमंत्री से महापौर ने मुलाकात कर पेयजडल के लिए विशेष पैकेज देने की मांग की है। महापौर ने शहर के दो बड़े तालाब जलापूर्ति के लिए नर्मदा गंभीर लिंक योजना से भरने को लेकर चर्चा की ।
आज महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इंदौर प्रवास के दौरान मुलाकात की। मुलाकात में चर्चा करते हुए महापौर भार्गव ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को बताया कि इंदौर में इस साल कम वर्षा के कारण जल संकट की स्थिति निर्मित होगी। शहर में पेयजल व्यवस्था को सुगम और निर्बाध जलापूर्ति के लिए 50 करोड़ रुपए का विशेष पैकेज नगर निगम को देने की मांग की।
महापौर भार्गव ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को यह भी कहा कि इंदौर की जलप्रदाय व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले यशवंत सागर एवं बिलावली तालाब में जल संग्रहण नहीं हुआ है। उन्होंने नर्मदा-गंभीर लिंक योजना से यशवंत सागर तालाब को भरने तथा बिलावली तालाब को चैनल द्वारा पानी पहुंचाने को लेकर भी चर्चा की।
महापौर द्वारा मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया गया कि कम वर्षा की स्थिति में शहर की पेयजल पूर्ति के लिए जल स्रोतों में पर्याप्त जल संग्रहण होना आवश्यक है। इसके लिए नर्मदा-गंभीर लिंक योजना से दोनों तालाबों में आवश्यकतानुसार पानी छोड़े जाने की जरूरत होगी। मुख्यमंत्री ने पानी को लेकर सहयोग करने की हामी भरी है।
