सिंगरौली : शासकीय हाई स्कूल देवरी प्रथम के प्राचार्य मोहन सिंह के खिलाफ शराब सेवन और विद्यार्थियों को मिलने वाली शासकीय साइकिलों के वितरण में अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं।
देवरी निवासी संदीप कुमार प्रजापति ने आज मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता के अनुसार प्राचार्य के शराब का सेवन कर विद्यालय आने और विद्यालय परिसर में शराब सेवन की स्थिति में पाए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। इसके अलावा विद्यालय के स्टाफ के साथ विवाद और झगड़े के आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आवेदन में साइकिल वितरण में गड़बड़ी का मुद्दा भी उठाया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि देवरी प्रथम के भीतरी क्षेत्र के कई विद्यार्थी लगभग सात किलोमीटर दूर से विद्यालय आते हैं, लेकिन पात्र होने के बावजूद उन्हें योजना की साइकिलें नहीं मिलीं।
सीईओ जिपं ने सुनीं 186 आवेदकों की समस्याएं
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ संघप्रिय आईएएस ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में कुल 186 आवेदन प्राप्त हुए। सीईओ जिला पंचायत ने आवेदकों से उनकी समस्याओं एवं मांगों की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल प्रकरण के निराकरण की प्रविष्टि करना पर्याप्त नहीं है।
