तेहरान, 13 अक्टूबर (वार्ता) दक्षिण-पूर्वी ईरान में ज़ाहेदान के समीप एक सुरक्षा अभियान के दौरान तीन लोग मारे गए और अलग-अलग रिपोर्टों में सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत के अन्य इलाकों में इस्लामिक रिपब्लिक की सेना और हथियारबंद लोगों के बीच भीषण लड़ाई होने की रिपोर्टें है। यह जानकारी ईरानी अधिकारियों ने मंगलवार को दी।
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) से संबद्ध समाचार एजेंसी तस्नीम ने कहा कि सुरक्षा बलों ने ज़ाहेदान के पास चाह अहमद-कुरिन इलाके में आतंकवादियों के सुरक्षित ठिकाने का पता लगाकर उसे नष्ट कर दिया। समाचार आउटलेट के अनुसार, तीन लोग मारे गए हैं और अभियान अभी भी जारी है। उसने कहा कि हताहतों की अंतिम संख्या की घोषणा इलाके को पूरी तरह सुरक्षित करने के अभियान की समाप्ति के बाद की जाएगी।
तस्नीम समाचार एजेंसी ने मारे गए लोगों की पहचान ‘जैश-अल-अदल’ के सदस्यों के रूप में की है। यह बलूच लोगों का एक हथियारबंद गुट है जिसने सुरक्षा बलों पर हमले किए हैं लेकिन एजेंसी ने न तो उनके नाम बताए और न ही उनके इस गुट से जुड़े होने का कोई सबूत दिया। इस्लामिक रिपब्लिक के बलों को हुए संभावित नुकसान के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी गई। तफ़तान में भारी लड़ाई की रिपोर्टें है।
इसके अलावा, सिस्तान-बलूचिस्तान की घटनाओं को कवर करने वाले स्वतंत्र मानवाधिकार संगठन और समाचार पोर्टल ‘हालवश’ ने बताया कि तफ़तान काउंटी में चाह अहमद और अर्ज़ान तक के आस-पास लोप इलाके में ज़बरदस्त लड़ाई हुई है। हालवश के अनुसार इसमें शामिल बल रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के सदस्य थे। स्थानीय सूत्रों के हवाले से कहा गया कि लड़ाई मंगलवार सुबह करीब छह बजे शुरू हुई और इसमें हल्के, मध्यम और भारी हथियारों का इस्तेमाल किया गया। इलाके में अतिरिक्त सैन्य बल भेजे गए हैं।
इस संघर्ष में हथियारबंद लोगों की पहचान, टकराव का कारण और किसी के हताहत होने के बारे में तुरंत कोई जानकारी नहीं मिली।

