नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस की केरल इकाई की ओर से मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत से इस्तीफे की मांग पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया है कि लोकसभा में विपक्ष के राहुल गांधी देश को अराजकता की आग में झोंकने के लिए किसी भी हद तक गिरने के लिए तैयार हैं।
भाजपा की ओर से सोमवार को जारी वीडियो में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि श्री गांधी और उनके साथियों ने आज सर्वोच्च न्यायालय में जिस प्रकार का अशोभनीय दृश्य दिखाया गया, देश के इतिहास में उस तरह की कोई मिसाल नहीं है।
उन्होंने कहा, ” इस प्रकार हुजूम लेकर न्यायालय को प्रभावित करना, आतंकित करना, मुझे लगता है कि आज तक कोई नेता प्रतिपक्ष ऐसा नहीं रहा होगा। अपने सुरक्षाकर्मियों की बातों की अवहेलना करते हुए दूसरे गेट से अंदर जाने का प्रयास करना यह दर्शाता है कि या तो वह मानसिक संतुलन खो चुके हैं या संदिग्ध शक्तियों द्वारा इस सीमा तक संचालित हैं कि वह किसी भी हद तक नीचे गिरने को तैयार हैं, ताकि भारत की सड़कों पर अव्यवस्था दिख सके।”
उन्होंने कहा कि आज ही कांग्रेस-मुस्लिम लीग गठबंधन की केरल सरकार, कांग्रेस की केरल इकाई की ओर से सोशल मीडिया एक्स पर एक अत्यंत निम्न पोस्ट किया गया है, और कहा गया है कि आप इस्तीफा दे दो। यह भी कहा गया है कि लॉ एंड ऑर्डर आपके बस का नहीं है, तो आप इस्तीफा दे दो। हम नया नियुक्त कर लेंगे। करोड़ों-करोड़ देशवासियों को समझना चाहिए कि लॉ एंड ऑर्डर वैसे भी न्यायालय का विषय नहीं रहता।
गौरतलब है कि बाद में केरल कांग्रेस की ओर से इस ट्विट को हटा लिया गया।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि एक राज्य की कांग्रेस इकाई मुख्य न्यायाधीश से यह कह रही है कि आप इस्तीफा दे दो, हम नया विकल्प बना लेंगे। उन्होंने कहा कि इन्हें पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा चाहिए था, फिर गृह मंत्री अमित शाह का इस्तीफा चाहिए था, फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का इस्तीफा चाहिए था, अब इन्हें मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत का इस्तीफा चाहिए। इसका अर्थ साफ हो गया।