कम बारिश और कमजोर मानसून से गंभीर जल संकट की आशंका

इंदौर:पहले से ही पानी की समस्या से जूझ रहे शहर में इस वर्ष कमजोर मानसून के चलते बारिश की कमी ने आने वाले दिनों में भीषण जल संकट की आशंका बढ़ा दी है. मौसम में बदलाव और पड़ रही गर्मी के बीच अब सवाल है कि शहर में पानी बचाने के लिए सरकार कितनी गंभीर है.हर में इस वर्ष मानसून के दौरान सामान्य से कम बारिश होने के कारण जल प्रबंधन को लेकर चिंता बढ़ने लगी है. 25 सितंबर तक जिले में 633.1 मिमी बारिश दर्ज की गई जबकि सामान्य आंकड़ा 850.3 मिमी है. यानी करीब 26 प्रतिशत कम बारिश हुई.

ऐसे में आने वाली गर्मियों में पानी की उपलब्धता बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है. मौसम में बदलाव और गर्मी बने रहने के बीच नागरिकों को आशंका है कि यदि जल संरक्षण के लिए अभी से ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में परेशानी बढ़ सकती है. सरकार और नगर निगम को अभी से जलाशयों की स्थिति की समीक्षा, पाइपलाइन लीकेज रोकने, वर्षा जल संग्रहण को अनिवार्य रूप से बढ़ावा देने और भूजल स्तर सुधारने की दिशा में काम करना चाहिए. घरों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पानी की बर्बादी रोकने के लिए जागरूकता अभियान भी जरूरी है. सवाल यह है कि संभावित संकट से निपटने के लिए प्रशासन की तैयारी कितनी मजबूत है.

यह बोले नागरिक…

कम बरसात को सरकार नजरअंदाज नहीं करे. बारिश की कमी को देखते हुए अभी से पानी बचाने की जरूरत है. प्रशासन को आने वाली गर्मियों के लिए ठोस योजना बनानी चाहिए.
– रूपेश रायकवार, मूसाखेड़ी

वर्षा जल संग्रहण, भूजल स्तर सुधारने और पानी की बर्बादी रोकने के लिए सरकार को व्यापक अभियान चलाना चाहिए, जिस तरह स्वच्छता अभियान चलाया था, उसी तरह की मेहनत आज जरूरी है.
– अफजल खान, खजराना

बीती गर्मी में जल संकट के जो हालात शहर वासियों ने देखे हैं, वह भूलाए नहीं जा सकते. आने वाले समय में शहर की जल व्यवस्था ठीक नहीं हुई तो विस्फोटक स्थिति निर्मित हो सकती है.
रविंद्र मिश्रा, कालानी नगर

Next Post

त्यौहारों को लेकर पुलिस अलर्ट

Mon Oct 12 , 2026
ग्वालियर: आगामी त्योहारों के मद्देनजर ग्वालियर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर शनिवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों ने बल के साथ पैदल भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, संवेदनशील […]

You May Like