
ग्वालियर। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय थाटीपुर की छात्राओं और शिक्षकों ने नगर निगम की टास्क फोर्स के साथ पॉलीथिन विरोधी अभियान में भाग लिया।
अभियान के दौरान छात्राओं और नगर निगम की टीम ने ठेले वालों एवं दुकानदारों से प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई। इस दौरान दुकानदारों और ठेले वालों को सिंगल यूज पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने के लिए जागरूक किया गया।
नगर निगम के इस अभियान का उद्देश्य शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के साथ ही नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। अभियान में छात्राओं की भागीदारी के माध्यम से आमजन को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
