नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (वार्ता) केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने सिंगापुर में दुनिया की प्रमुख निवेश फर्मों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ एक ‘बिज़नेस राउंडटेबल’ में हिस्सा लिया। श्रीमती सीतारमण शुक्रवार से तीन दिन की यात्रा पर हैं। यात्रा के पहले दिन हुई इस बैठक में शामिल फर्मों में मिलेनियम पार्टनर्स, ब्रेवन हॉवर्ड, ब्लैकरॉक, पिमको, कार्लाइल, एडीआईए, टेमासेक, सिटाडेल, जेपी मॉर्गन और डॉयचे बैंक के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।
वित्त मंत्रालय ने यहां बताया किइस बातचीत में वैश्विक अनिश्चितताओं (जैसे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और भू-राजनीतिक व भू-आर्थिक घटनाक्रम) के बीच भारत की मज़बूत आर्थिक स्थिति, और साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) में तेज़ी से हो रही तरक्की से पैदा होने वाले निवेश के अवसरों और चुनौतियों पर चर्चा की गई। वित्त मंत्री ने वैश्विक निवेशकों के साथ भारत के मैक्रो-इकोनॉमिक आधार, वित्तीय बाज़ारों और बाज़ार में भागीदारी बढ़ाने व भारतीय एसेट्स में वैश्विक पूंजी आकर्षित करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया। इस राउंडटेबल से भारत के बदलते आर्थिक और वित्तीय परिदृश्य पर प्रमुख वैश्विक निवेशकों के साथ खुलकर विचार साझा करने का मौका मिला।

