इंदौर: शहर के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक पेंटर सहित तीन लोगों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इनमें दो बच्चों की मां भी शामिल है. तीनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.पुलिस के अनुसार, लसूड़िया के बापू गांधी नगर में रहने वाले 50 वर्षीय माखनलाल पिता बलदेव ने पत्नी से विवाद के बाद अपने घर में फांसी लगा ली. माखनलाल पेंटर था और शराब पीने का आदी बताया जाता है. वहीं, बाणगंगा के बाबू पराग भट्टा इलाके में 29 वर्षीय हेमलता उर्फ अनामिका पति आकाश ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह घटना से कुछ देर पहले परिवार के साथ बैठकर बातचीत कर रही थी.
चाय पीने के बाद वह अपनी 14 माह की बेटी को दूध पिलाने के लिए कमरे में चली गई, जहां वह फंदे पर लटकी मिली. परिजन उसे एमवाय अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, उसका एक बेटा भी है. इसी तरह परदेशीपुरा के कुलकर्णी का भट्टा क्षेत्र में 29 वर्षीय कार्तिक पिता बबलू ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी. तीनों थानों की पुलिस ने सूचना मिलने पर तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजे हैं. पुलिस परिजनों के बयान लेकर आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही है.
