भारत और लाइबेरिया ने समुद्री जहाजों और नाविकों पर हमलों की कड़ी निंदा की, तत्काल रोक लगाने की मांग की

नयी दिल्ली 09 अक्टूबर (वार्ता) भारत और लाइबेरिया ने खाड़ी क्षेत्र और उसके आसपास के इलाकों तथा काला सागर में पिछले कुछ दिनों में वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इन्हें तुरंत रोके जाने की मांग की है।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई मिशन ने गुरुवार देर रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि दोनों देशों ने एक संयुक्त वक्तव्य में कहा है कि इन हमलों से समुद्री व्यापार बाधित होता है और निर्दोष लोगों की जान जाती है। ऐसे कृत्यों को किसी भी तरह सही नहीं ठहराया जा सकता। दोनों देशों ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए इन हमलों को तुरंत रोकने की अपील की।

भारत और लाइबेरिया ने कहा है कि वे ऐसे हमलों को दोबारा होने से रोकने के लिए आपसी तालमेल बढ़ाने और नाविकों के अधिकारों की रक्षा करने में सहयोग देने के लिए तैयार हैं।

भारत और लाइबेरिया ने हमलों में जान गंवाने वाले नाविकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

उल्लेखनीय है कि भारत और लाइबेरिया ने पिछले महीने समुद्री जहाजों और नाविकों की सुरक्षा के लिए मित्र देशों के समूह एस 4 की शुरुआत की थी।

Next Post

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा में जा रहे यात्री का दुखद निधन

Fri Oct 9 , 2026
दमोह:मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा में रामेश्वर जा रही ट्रेन में अचानक यात्री रामकिशोर असाटी, निवासी इमलाई की तबीयत बिगड़ गई।आरपीएफ और रेल विभाग ने तत्परता दिखाते हुए स्ट्रेचर बुलाकर यात्री को तत्काल प्लेटफार्म क्रमांक एक से स्टेशन के बाहर लाया और 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। जहां डॉ. बहादुर […]

You May Like