
छिंदवाड़ा. आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी वृत्त चौरई के अंतर्गत बिछुआ क्षेत्र के ग्राम सिंगारदीप, खमरा एवं चोरबतरी में आबकारी विभाग एवं पुलिस बल द्वारा अवैध शराब के अड्डों पर दबिश देकर कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के अंतर्गत कुल 3 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। मौके से कुल 30 बल्क लीटर हाथ भट्टी मदिरा तथा 2010 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। महुआ लाहन का नमूना लेकर शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट किया गया। कार्यवाही में सहायक जिला आबकारी अधिकारी जी. एल. मरावी, वृत्त प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश सिंघल, उपनिरीक्षक नरेंद्र नागेश, आबकारी प्रधान आरक्षक राजकुमार यदुवंशी, आरक्षक राजकुमार सरयाम, सुश्री सोनाली वरकड़े एवं सुश्री भारती मरकाम तथा पुलिस थाना बिछुआ से आरक्षक सुमित बैस एवं पप्पी बरखाने उपस्थित थे।
