
पानसेमल। जनपद पंचायत सभागृह में आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कर्मचारियों को प्रोसेस लेब के माध्यम से अभियान के जमीनी क्रियान्वयन से संबंधित जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में एसडीएम पानसेमल रमेश सिसोदिया और सीईओ अंतरसिंह डावर ने अभियान की रूपरेखा विस्तार से समझाई। बीएमटी योगेंद्र कुलकर्णी, क्रांति देसले, सुनंदा गुलवाने और यशवत इंदवेकर ने पंचायत, स्वास्थ्य, वन, जनजाति, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सहित विभिन्न संस्थाओं अंतरा फाउंडेशन, एजुकेट गर्ल्स फाउंडेशन और पिरामल फाउंडेशन के पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया।
प्रशिक्षण में ग्राम स्तरीय मास्टर ट्रेनरों द्वारा क्लस्टर स्तर पर प्रशिक्षण देने की प्रक्रिया, ग्राम का नजरी नक्शा बनाना, मूलभूत सुविधाओं का आकलन करने के तरीके तथा अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने की कार्ययोजना पर विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आभार बीएमटी योगेंद्र कुलकर्णी ने व्यक्त किया।
