
सिंगरौली । जिले के थाना सरई अंतर्गत नप सरई वार्ड क्रमांक 5 मस्जिद मोहल्ला में एक गंभीर घटना सामने आई है। यहाँ रहने वाले रामनरेश शर्मा के पुत्र और मीडिया कर्मी रामप्रकाश उपाध्याय के घर पर बीती रात कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अचानक पथराव कर दिया गया। घटना को लेकर पीड़ित परिवार की ओर से थाने में शिकायती आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की गई है। बीते मंगलवार की रात लगभग 11:30 बजे की है। उस समय परिवार के सदस्य घर के अंदर थे, तभी मस्जिद मोहल्ले में रहने वाले मझीले का लड़का चाँद और उसके कुछ अन्य साथियों ने अचानक उनके मकान पर पत्थरों से हमला बोल दिया। वहीं थाना में उक्त सूचना के बाद थाना प्रभारी ने कार्रवाई का भरोसा दिया है।
मासूम बच्ची को लगी चोट
आरोपियों द्वारा घर पर करीब 15 से 20 पत्थर फेंके गए। इस अचानक हुए पथराव की चपेट में आने से घर के बाहर मौजूद एक बच्ची के हाथ में चोट आई है। रात का अंधेरा होने के कारण कोई बड़ी अनहोनी भी हो सकती थी। इस हमले के बाद से पत्रकार का पूरा परिवार अत्यंत भयभीत और सदमे में है। घटना से परिवार की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
