सतना: शहर के मेडिकल कॉलेज मार्ग को ओल्ड हाईवे से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क निर्माण के कार्य में आ रही बाधा को स्थानीय प्रशासन ने पूरी सख्ती के साथ दूर कर दिया है. मार्ग पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के दौरान निजी होटल संचालक और कुछ अन्य लोगों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया
मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार सौरभ मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और विरोध करने वालों को सख्त हिदायत देते हुए पुनः निर्माण कार्य सुचारू रूप से शुरू करवाया
बता दें कि मेडिकल कॉलेज को सुगम यातायात और ओल्ड हाईवे से बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए नई सड़क का निर्माण किया जाना है. इस मार्ग पर कई जगहों पर लोगों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है जिससे निर्माण कार्य के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही . स्थानीय प्रशासन ने पूर्व में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी लेकिन हाल ही में जब काम आगे बढ़ाया जाने लगा तो कुछ स्थानीय लोगों और निजी होटल संचालक ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया. इससे मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई और काम रुक गया .
तहसीलदार की मुस्तैदी से हटा अवरोध
अतिक्रमणकारियों द्वारा काम रोके जाने की सूचना मिलते ही तहसीलदार सौरभ मिश्रा प्रशासनिक अमले और पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे.
प्रशासन की इस मुस्तैदी के सामने विरोध करने वालों की एक नहीं चली.
प्रशासनिक निगरानी में अवैध निर्माण और बाधाओं को पूरी तरह साफ करवा दिया गया है जिसके बाद अब रोड निर्माण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है. प्रशासन के इस सख्त कदम से आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है.इस मार्ग के बनने से मेडिकल कॉलेज आने-जाने वाले मरीजों और आमजन को राहत मिलेगी.
