वाशिंगटन, 05 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिका ने कैरेबियाई सागर में मादक पदार्थों की तस्करी में कथित रूप से शामिल एक पोत पर हमला कर चार लोगों को मार गिराया। अमेरिकी अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अमेरिकी दक्षिणी कमान ने ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि उसकी सेना ने कैरेबियाई क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के स्थापित मार्गों पर संचालित एक तेज गति वाले पोत के खिलाफ “घातक, गतिज हमला” किया।
दक्षिणी कमान ने कहा कि उसके पास पोत के अवैध मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े होने की “पुष्ट खुफिया जानकारी” थी और मारे गये लोगों को “नार्को-आतंकवादी” बताया। हालांकि, कमान ने खुफिया जानकारी का विवरण या मारे गये लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की।
यह कार्रवाई पूर्वी प्रशांत और कैरेबियाई क्षेत्र में संदिग्ध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियानों की श्रृंखला में नवीनतम है। अमेरिकी अभियान सितंबर 2025 में शुरू हुआ था और अब तक 70 अलग-अलग अभियानों में कम से कम 235 लोगों के मारे जाने की बात कही गयी है। अमेरिकी प्रशासन ने इन लक्षित लोगों को “नार्को-आतंकवादी” करार दिया है।
इन हमलों को लक्षित व्यक्तियों की पहचान के लिए इस्तेमाल किये गये साक्ष्यों और संदिग्ध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सैन्य बल के इस्तेमाल के कानूनी आधार को लेकर सवालों का सामना करना पड़ा है।
अमेरिका लैटिन अमेरिकी देशों के साथ मादक पदार्थ रोधी सहयोग बढ़ाने की दिशा में भी काम कर रहा है। अगस्त में पनामा की यात्रा के दौरान युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा था कि कोलंबिया, ग्वाटेमाला और होंडुरास अमेरिकी बलों को अपने क्षेत्रों में आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ संयुक्त सैन्य अभियान चलाने की अनुमति देने पर सहमत हुए हैं।
इक्वाडोर और अमेरिका ने मार्च में इसी तरह के संयुक्त अभियान शुरू किये थे। वाशिंगटन क्षेत्र की सरकारों के साथ सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने की कोशिश कर रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका क्षेत्रीय मादक पदार्थ गिरोहों के साथ “सशस्त्र संघर्ष” में है। उन्होंने मादक पदार्थों की अमेरिका में होने वाली आपूर्ति रोकने और घातक ओवरडोज के मामलों को कम करने के लिए सैन्य अभियान को आवश्यक बताया है।

