इंडिया समूह 31 मार्च को महारैली करके देशवासियों से लोकतंत्र बचाने का करेगा आह्वान: गोपाल राय

नयी दिल्ली, 24 मार्च (वार्ता) इंडिया समूह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के समर्थन में 31 मार्च को यहां रामलीला मैदान में महारैली करने का रविवार को एलान किया। आम आदमी पार्टी(आप) के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने इंडिया समूह के संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिस तानाशाहीपूर्ण रवैये के तहत लोकतंत्र की हत्या करके श्री केजरीवाल को गिरफ्तार किया है, उससे देश में संविधान, लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं से मोहब्बत करने वाले लोगों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि बात केवल श्री केजरीवाल की नहीं है। आज प्रधानमंत्री पूरे देश में एक-एक करके संपूर्ण विपक्ष को खत्म करने के लिए एजेंसियों का दुरुपयोग कर रहे हैं। षड़यंत्र करके विधायकों की खरीद फरोख्त की जा रही है और लोगों को डराया धमकाया जा रहा है। प्रधानमंत्री या तो विपक्ष को पैसे देकर खरीद रहे हैं या प्रवर्तन निदेशालय (ईडी),केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से धमका कर अपनी पार्टी में शामिल करवा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि श्री केजरीवाल की गिरफ्तारी से पहले झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत शोरन को गिरफ्तार किया गया। जब से श्री केजरीवाल की गिरफ्तारी हुई है तबसे न सिर्फ आम जनता बल्कि पूरा विपक्ष एकजुट होकर इस तानाशाही के खिलाफ खड़ा हुआ है। न सिर्फ दिल्ली की सड़कों पर, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों में इसके खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। आने वाले दिनों में यह आंदोलन और तेज होगा।

श्री राय ने कहा कि चुनावी बॉन्ड पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों की धज्जियां उड़ा दी हैं। चुनावी बॉन्ड के जरिए चंदा चोरी का काला चिट्ठा देश के सामने आ गया है। भाजपा को चुनावी बॉन्ड से करीब 8,000 करोड़ रुपए से ज्यादा मिले हैं। वहीं, इन्होंने कांग्रेस का खाता सीज कर दिया है ताकि कांग्रेस अपना चुनाव प्रचार नहीं कर सके। भाजपा ने ईडी, सीबीआई के छापे मरवाकर करीब आठ हजार करोड़ रुपए वसूले हैं। ये कौन-सा लोकतंत्र स्थापित हो रहा है? आज पूरा विपक्ष इकट्ठा हो रहा है, क्योंकि इस देश के सामने खतरा है।

उन्होंने कहा कि इस लड़ाई को तेज और व्यापक स्तर पर लड़ने के लिए इंडिया समूह ने फैसला किया है कि पूरी दिल्ली 31 मार्च को सुबह 10 बजे रामलीला मैदान में इकट्ठा होगी। इस देश की तानाशाही को खत्म करने के लिए हम वहां से अपनी आवाज को बुलंद करेंगे और संयुक्त रूप से इस लड़ाई को और आगे बढ़ाएंगे।

इस दौरान दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा,“ आज पूरे देश में लोकतंत्र को खतरा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए मुहिम छेड़ रखी है। जब लोकतंत्र के ऊपर इतना बड़ा हमला हो रहा हो तो कांग्रेस पार्टी के पीछे होने का तो सवाल ही पैदा नहीं होता है। कांग्रेस मजबूती के साथ देश के लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई में इंडिया समूह के सभी सहयोगियों के साथ खड़ी है। यह दुख और चिंता का विषय केवल कांग्रेस, ‘आप’ और इंडिया समूह के लिए नहीं है। यह तमाम भारतवासियों के लिए चिंता का विषय है इसलिए लोकतंत्र की इस लड़ाई में शामिल होने के लिए खासतौर पर देश के भविष्य नौजवान पीढ़ी से अपील करना चाहता हूं। भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव ने कम उम्र में शहादत और महात्मा गांधी ने देश के लोगों को “करो या मरो” का नारा इसलिए दिया था कि हम लोकतंत्र की खुली हवा में सांस ले सकें। हम आजादी को महसूस कर सकें। लेकिन आज जिस तरह का माहौल है, इसकी कल्पना महात्मा गांधी और भगत सिंह समेत बाकी शहीदों ने नहीं की होगी।”

इस दौरान मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राजीव कुंवर ने कहा,“ अरविंद केजरीवाल के गिरफ्तार होते ही हमने तुरंत इसकी निंदा की। यह निंदा सिर्फ एक मुख्यमंत्री के गिरफ्तारी को लेकर नहीं, बल्कि जनतंत्र, लोकतंत्र और जनवाद पर हमले को लेकर भी है। चुनावी बॉन्ड में साफ दिख रहा है और इस तरह की कार्रवाई की जा रही है। इससे साफ संदेश है कि यह तानाशाह सरकार किसी भी विपक्ष को एक इंच भी जगह देने के लिए तैयार नहीं है। ये लोग जनतंत्र, लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली पार्टियों के लिए जगह छोड़ना नहीं चाहते हैं। इसके लिए हम लड़ते रहेंगे।”

Next Post

मुर्मु ने होली की शुभकामनाएं दीं

Sun Mar 24 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email नयी दिल्ली 24 मार्च (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देशवासियों को होली के अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं। श्रीमती मुर्मु ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में कहा, “होली के शुभ अवसर पर, मैं […]

You May Like