
बड़वानी/नागलवाड़ी। शादी का झांसा देकर बेगुनाह पुरुषों को हवस और लालच का शिकार बनाने वाली लुटेरी दुल्हन का खेल नागलवाड़ी थाने की पुलिस चौकी बालसमुद ने खत्म किया। फर्जी शादी रचाकर लाखों रुपये और गहने समेटकर रफूचक्कर होने वाले गिरोह की मास्टरमाइंड महिला आरोपी अब जेल की सलाखों के पीछे गुनाहों का हिसाब दे रही है। नागलवाड़ी थाना क्षेत्र में फरियादी को शादी का हसीन सपना दिखाया और साजिश के तहत चांदी के आभूषणों समेत 2 लाख 25 हजार की चपत लगा दी। जैसे ही पीडि़त को ठगी का अहसास हुआ, उसने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने ठग गिरोह पर नकेल कसने के सख्त निर्देश दिए। एएसपी धीरज बब्बर एवं एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने रणनीतिक घेराबंदी करते हुए फरार चल रही मुख्य महिला आरोपी को गिरफ्तार किया पुलिस ने महिला के कब्जे से ठगी के दौरान इस्तेमाल किया 10 हजार रुपये कीमत का एंड्रॉइड मोबाइल और 4 हजार रुपये नकद कुल मशरूका कीमत 14 हजार बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया है। गिरोह के बाकी फरार साथियों की तलाश में पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है। कार्रवाई थाना प्रभारी उनि कमल किशोर, चौकी प्रभारी बालसमुद संजय शर्मा, चालक प्रआर प्रेमसिंह बघेल मआर हेमलता रोमड़े, आर गगनसिंह मंडलोई, मनोज बघेल की भूमिका रही।
