
जबलपुर। गढ़ा निवासी युवक ने रविवार को जिम ट्रेनर दोस्त और उसके परिवार पर धोखाधड़ी कर 26 लाख 47 हजार रुपये हड़पने एवं जान से मारने की धमकी देेने के आरोप लगाए । पीडि़त आकाश पिता विजय ठाकुर, निवासी इंदिरा गांधी वार्ड, गौतम जी की मढिय़ा, गढ़ा ने बताया कि वह सौरभ द्विवेदी पिता महेश प्रसाद द्विवेदी, निवासी गंगा नगर, चंदन कॉलोनी, गढ़ा को 2018 से जानता था। वह उसे जिम में ट्रेनिंग देता था। दोस्ती का फायदा उठाकर 2020 में सौरभ ने प्लॉट व्यापार में निवेश का प्रस्ताव दिया। शुरुआत में दोनों ने डेढ़-डेढ़ लाख लगाए, जिसका एग्रीमेंट सौरभ ने अपने नाम कराया।
फिर लाभ का झांसा देकर आकाश से उसकी जमा पूंजी, परिजनों व परिचितों से उधार लेकर कुल 26,47,000 रुपये अलग-अलग समय पर ले लिए। इसके अलावा उसके नाम से एचडीबी बैंक से 4.20 लाख और कार पर 3.27 लाख का लोन भी अपने उपयोग के लिए दिलवा दिया। 21 फरवरी 2025 को अपनी शादी के लिए पैसे वापस मांगे तो टालमटोल करने लगा। 26 मार्च 2025 को सौरभ मोबाइल बंद कर गायब हो गया है। 8 सितंबर को पैसे मांगने जाने पर पिता महेश द्विवेदी और भाभी नम्रता द्विवेदी ने गायब करने की धमकी दी। गढ़ा थाने में एफआई आर दर्ज है और पुलिस को बयान भी दिए हैं। इससे पहले एसपी कार्यालय, थाना संजीवनी नगर, जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
