
परासिया। वेकोलि पेंच क्षेत्र में 5 से 7 अक्टूबर तक होने वाली अंतर क्षेत्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता को लेकर श्रमिक संगठन इंटक और क्षेत्रीय प्रबंधन के बीच टकराव की स्थिति बन गई है। प्रतियोगिता के संचालन के लिए गठित कमेटियों में इंटक से जुड़े किसी पदाधिकारी, कार्यकर्ता या सदस्य को शामिल नहीं किए जाने पर संगठन ने कड़ा विरोध जताया है।
इंटक महामंत्री मनोज तिवारी ने महाप्रबंधक को पत्र भेजकर आरोप लगाया कि संगठन की पेंच क्षेत्र में 635 सदस्य संख्या होने के बावजूद खेल गतिविधि की कमेटियों में प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि इंटक से जुड़े कई कर्मचारी खेल गतिविधियों में सक्रिय हैं और पूर्व में क्षेत्र की खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में संगठन को प्रतिनिधित्व मिलता रहा है।
संगठन ने इसे इंटक की कथित उपेक्षा और भेदभावपूर्ण रवैया बताते हुए प्रबंधन से तत्काल स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। इंटक अध्यक्ष एवं विधायक सोहनलाल बाल्मीक ने ब्रांच पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से 5 अक्टूबर को सुबह 9 बजे पेंच स्टाफ क्लब के सामने एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया है। इंटक ने चेतावनी दी है कि यदि प्रबंधन ने भविष्य में सभी श्रमिक संगठनों को कार्यक्रमों में उचित प्रतिनिधित्व देने की व्यवस्था नहीं की तो संगठन आंदोलन को और तेज करेगा। अब प्रतियोगिता के आयोजन के साथ ही इंटक के विरोध प्रदर्शन पर भी प्रबंधन और श्रमिक संगठनों की नजर रहेगी।
