मुंबई, 04 अक्टूबर (वार्ता) विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने अक्टूबर के पहले ही दिन भारतीय पूंजी बाजार से 9,508 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की।
इससे पहले सितंबर में भी एफपीआई का निवेश 58,443 करोड़ रुपये कम हो गया था।
शुद्ध निकासी निवेशकों द्वारा बाजार में लगाई गई पूंजी और बाजार से निकाली गई पूंजी का अंतर है।
केंद्रीय डिपॉजिटरी सेवा के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में अबतक हुए एक मात्र दिन के कारोबार में पहली तारीख को एफपीआई ने इक्विटी से 9,232 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की। डेट और हाइब्रिड उपकरणों में भी शुद्ध रूप से बिकवाल रहे जबकि म्यूचुअल फंड में उन्होंने मामूली सकारात्मक निवेश किया।
डेट में उन्होंने शुद्ध रूप से 199 करोड़ डॉलर की बिकवाली की। हाइब्रिड उपकरणों से उन्होंने 82 करोड़ डॉलर निकाले। म्यूचुअल फंड में उन्होंने पांच करोड़ डॉलर का शुद्ध निवेश किया।
मौजूदा कैलेंडर वर्ष में अब तक एफपीआई भारतीय पूंजी बाजार से 2,15,301 करोड़ डॉलर निकाल चुके हैं। इसमें अकेले इक्विटी में उनका निवेश 2,69,535 करोड़ डॉलर कम हो चुका है। डेट और म्यूचुअल फंड में वे शुद्ध रूप से लिवार रहे हैं जबकि हाइब्रिड उपकरणों में उनका निवेश कम हुआ है।
