भदोही के हुनर को वैश्विक बाजार से जोड़ रही सरकार : योगी

लखनऊ, 04 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उनकी सरकार भदोही के पारंपरिक हुनर को विकास, बाजार और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है।

श्री योगी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में उत्तर प्रदेश का निर्यात 2.27 गुना बढ़कर दो लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है और प्रदेश देश का पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर किए पोस्ट में कहा कि उत्तर प्रदेश के बढ़ते निर्यात में भदोही के कालीन उद्योग का महत्वपूर्ण योगदान है। भदोही के कारीगरों के हाथों से बनी कालीनों की दुनिया भर में मांग है और इससे वैश्विक मंच पर प्रदेश के हुनर को पहचान मिली है।

उन्होंने कहा कि वह ‘इंडिया कारपेट एक्सपो’ के स्वर्ण जयंती संस्करण का शुभारंभ करेंगे और कालीन उद्योग से जुड़े निर्यातकों, विक्रेताओं तथा उद्यमियों से संवाद करेंगे। इस दौरान भदोही, औराई और ज्ञानपुर क्षेत्र को 1,340 करोड़ रुपये से अधिक की 112 विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी जाएगी।

श्री योगी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता कारीगर के हुनर को सम्मान, उद्यम को विस्तार और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विरासत और विकास के संगम से भदोही को समृद्धि की नई पहचान दिलाने का संकल्प लिया गया है।

Next Post

सेवा यात्रियों के साथ 51 महिलाएं कलश में वडनगर की नदियों का जल लेकर चलेंगी, काशी विश्वनाथ का होगा जलाभिषेक

Sun Oct 4 , 2026
वाराणसी, 04 अक्टूबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत वडनगर से काशी पहुंच रही मोटरसाइकिल यात्रा का सात अक्टूबर को समापन होगा। इस दौरान 51 महिलाएं वडनगर की नदियों का जल को कलश लेकर यात्रियों के आगे चलेंगी। इस अवसर पर […]

You May Like