
छिंदवाड़ा। न्यूटन चौकी क्षेत्र के काजरा गांव में शनिवार को मवेशी चराने गए एक बुजुर्ग और दो बच्चों पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में 56 वर्षीय बुजुर्ग और पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि नौ वर्षीय बच्ची का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों के अनुसार काजरा निवासी 56 वर्षीय कबोद पिता भागलाल नागवंशी मवेशी चराने के लिए खेत की ओर गए थे। उनके साथ परिवार के दो बच्चे भी थे। खेत के पास पहुंचते ही अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने तीनों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों से बचने के लिए बच्चे भागने लगे। इसी दौरान नौ वर्षीय बच्ची किसी तरह वहां से निकलकर परिजनों तक पहुंची और घटना की जानकारी दी। हमले में कबोद नागवंशी गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों बच्चों को भी गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद नौ वर्षीय बच्ची और पांच वर्षीय अंश पिता दीपेश नागवंशी को जिला अस्पताल छिंदवाड़ा रेफर किया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान पांच वर्षीय अंश की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। वहीं नौ वर्षीय बच्ची का उपचार जारी है। बुजुर्ग और मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
