
देवास। खेत में दूर से सब कुछ सामान्य नजर आ रहा था, लेकिन पुलिस को मिली एक सूचना ने इस खेत का पूरा राज खोल दिया। सोनकच्छ पुलिस ने जब ड्रोन उड़ाकर खेत की निगरानी की तो तस्वीर साफ हो गई। खेत में सामान्य फसल के बीच गांजे के पौधे लहलहा रहे थे। तकनीक से मिली पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और अवैध गांजा खेती का पर्दाफाश कर दिया। कार्रवाई में बड़ी मात्रा में गांजा और पौधे बरामद हुए, वहीं खेती करने वाले व्यक्ति को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” की शुरुआत की गई, जिसके तहत लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त कुख्यात अपराधियों की जानकारी प्राप्त कर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी तारतम्य में गत दिवस थाना सोनकच्छ पुलिस को मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि प्रेमसिंह कुशवाह निवासी ग्राम काछी गुराड़िया ने अपने खेत में अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजे के पौधे लगा रखे हैं। इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) गजेंद्रसिंह वर्धमान के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सोनकच्छ श्यामचंद्र शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी सोनकच्छ विक्रांत झांझोट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ड्रोन की मदद से सूचना की तस्दीक की। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर 354 गांजे के पौधे एवं 686 किलोग्राम गांजा कीमत लगभग 15 लाख रुपए जब्त किए। आरोपी प्रेमसिंह कुशवाह उम्र 50 वर्ष को गिरफ्तार कर थाना सोनकच्छ में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।
