50 हजार में खरीदा 4 लाख का गांजा, घर में छिपाकर रखा था 32 किलो

सतना। नागौद क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डुड़हा गांव में एक घर से 32 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत पुलिस ने 3 लाख 21 हजार 500 रुपये बताई है। पुलिस ने मौके से डुड़हा निवासी संत कुमार पाल (28) को गिरफ्तार किया है, जबकि गांजा उपलब्ध कराने का आरोपित अमरजीत कोल उर्फ गुंडा फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

निर्माणाधीन मकान में छिपाकर रखा था गांजा
नागौद थाना प्रभारी मनोज कुमार सोनी के अनुसार गुरुवार रात गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि डुड़हा गांव में संत कुमार पाल के घर में बड़ी मात्रा में गांजा रखा गया है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने उसके घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान निर्माणाधीन मकान के एक कमरे में प्लास्टिक के झोलों और एक बोरी में गांजा के पैकेट रखे मिले। पुलिस ने कुल 30 पैकेट बरामद किए। तौल कराने पर इनमें 32 किलो 150 ग्राम गांजा निकला। पुलिस ने गांजा जब्त कर संत कुमार पाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने गांजा खरीदने और उसे घर में रखने को लेकर कई अहम जानकारियां दी हैं।

50 हजार में खरीदे थे 40 पैकेट
पुलिस पूछताछ में संत कुमार ने बताया कि करीब 20 दिन पहले उसकी मुलाकात पूर्व परिचित अमरजीत कोल उर्फ गुंडा से हुई थी। अमरजीत ने उसे गांजा सस्ते में उपलब्ध कराने की बात कही और बिक्री के बाद बाकी रकम देने का प्रस्ताव रखा। इसके बाद संत कुमार ने मिलकर 50 हजार रुपये की व्यवस्था की और अमरजीत से 40 पैकेट गांजा खरीदा। आरोपी के अनुसार खरीदे गए गांजे में से दो पैकेट आसपास के गांवों में बेच दिए गए, जबकि आठ पैकेट अमरजीत अपने साथ ले गया था। बाकी गांजा घर में छिपाकर रखा गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की आपूर्ति कहां से हुई और इस नेटवर्क से कितने लोग जुड़े हैं।

फरार आरोपी की तलाश जारी
थाना प्रभारी मनोज कुमार सोनी ने बताया कि मामले में अमरजीत कोल उर्फ गुंडा को फरार आरोपी बनाया गया है। उसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस बरामद गांजे के स्रोत और इसके कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटा रही है।

Next Post

दृश्यम: द कन्क्लूजन से अभिषेक पाठक ने बनाई अलग पहचान

Sat Oct 3 , 2026
मुंबई, 03 अक्टूबर (वार्ता) निर्देशक अभिषेक पाठक ने ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ के जरिए थ्रिलर फिल्मों में अपनी अलग पहचान मजबूत की है। ‘दृश्यम 2′ के बाद इस फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म में उन्होंने निर्देशक और सह-लेखक के तौर पर कहानी को नया रूप देने की कोशिश की है।’दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की […]

You May Like