सतना: सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला अस्पताल सतना में “सेवा मेरा योगदान–स्वच्छता ही सेवा” कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने और स्वच्छ सतना के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, संघर्ष, राष्ट्रसेवा एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्व पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी गई।
प्रस्तुति के माध्यम से सेवा और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य के भाव को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में सफाई मित्रों का सम्मान कर शहर को स्वच्छ बनाए रखने में उनके निरंतर परिश्रम और महत्वपूर्ण योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने तथा स्वच्छ एवं सुंदर सतना के निर्माण में नागरिकों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सांसद गणेश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पांडे, चित्रकूट विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष विजय यादव, महापौर योगेश कुमार ताम्रकार, नगर निगम अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री श्रीमती स्वप्ना वर्मा एवं नगर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा शामिल हुए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, सफाई मित्र एवं नागरिकों की भी सहभागिता रही।
