
जबलपुर। स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय के हेरिटेज लोको गार्डन में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता शपथ से हुई, जिसके बाद रेलवे सांस्कृतिक अकादमी ने नुक्कड़ नाटक के जरिए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। योग प्रदर्शन भी हुआ।
स्वच्छता कार्यों में उत्कृष्ट योगदान के लिए महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने मुख्यालय के 55 सफाई मित्रों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं स्वच्छता विषयक ड्राइंग-पेंटिंग प्रतियोगिता के दो सर्वश्रेष्ठ छात्र प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया। महाप्रबंधक ने अधिकारियों-कर्मचारियों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और “न गंदगी करूंगा, न गंदगी करने दूंगा” के संकल्प के साथ रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने का आह्वान किया।
