नयी दिल्ली, 01 अक्टूबर (वार्ता) केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत गुरुवार को यहां पेशवा रोड स्थित नवयुग स्कूल में आयोजित ‘एक दिन-एक घंटा-एक साथ श्रमदान’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
श्री रिजिजू ने कहा कि स्वच्छता को पहले अक्सर केवल सफाई कर्मचारियों का काम समझा जाता था, लेकिन 2014 में स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत के बाद यह एक जन आंदोलन और राष्ट्रीय अभियान का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि ‘एक दिन-एक घंटा-एक साथ’ सामूहिक भागीदारी का प्रतीक है, लेकिन स्वच्छता की भावना केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से रोजमर्रा के जीवन में स्वच्छता अपनाने और अपने घर तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्रालय के सचिव निकुंज बिहारी धल, एनडीएमसी के अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी, मंत्रालय के अपर सचिव डॉ. सत्य प्रकाश, नवयुग स्कूल की प्रधानाचार्य मीनाक्षी कौशिक सहित मंत्रालय के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलायी गयी और स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया गया।

