
भोपाल। भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की वार्षिक साधारण सभा बुधवार को गुजराती समाज भवन, टीटी नगर में हुई. बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 का वार्षिक प्रतिवेदन पेश किया गया. साथ ही ऑडिट रिपोर्ट, बैलेंस शीट और पिछली एजीएम की कार्यवाही को मंजूरी दी गई. अंकेक्षक की पुनर्नियुक्ति का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया. बैठक में चेंबर की कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण फैसला लिया गया. अब कार्यकारिणी सदस्य का चुनाव लडऩे के लिए कम से कम पांच वर्ष की सदस्यता जरूरी नहीं होगी. एजीएम में सदस्यता की न्यूनतम अवधि पांच वर्ष से घटाकर दो वर्ष करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया. इसके बाद चेंबर के दो वर्ष पूरे कर चुके सदस्य कार्यकारिणी का चुनाव लड़ सकेंगे. बैठक का संचालन अजय देवनानी ने किया. इस दौरान कृष्ण कुमार बांगड़, संजीव जैन, आदित्य सिंह, अनुराग जैन पवैया सहित चेंबर के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे.
-मास्टर प्लान पर व्यापारियों से मांगे सुझाव
चेंबर अध्यक्ष गोविंद गोयल ने भोपाल मास्टर प्लान-2047 के ड्राफ्ट का उल्लेख करते हुए व्यापारियों से अपने क्षेत्रों की समस्याओं और जरूरतों के संबंध में सुझाव देने की अपील की. उन्होंने कहा कि व्यापारियों के सुझावों को संकलित कर टाउन एंड कंट्री प्लानिंग और संबंधित विभागों के सामने रखा जाएगा. चेंबर ने व्यापारियों से 15 अक्टूबर 2026 तक लिखित सुझाव और आपत्तियां देने को कहा है. चेंबर का कहना है कि इससे व्यापारिक क्षेत्रों की जरूरतों और व्यावहारिक समस्याओं को मास्टर प्लान में शामिल कराने के लिए संबंधित मंच पर रखा जा सकेगा.
