
जबलपुर। यातायात नियमों का पाठ पढ़ाने के साथ पुलिस अब सख्ती बरत रही है। यातायात के तीनों थानों द्वारा विगत 3 दिनों में यातायत के नियमों का उल्लंघन करने वाले 457 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्यवाही करते हुये 2 लाख 74 हजार 200 रूपये समन शुल्क वसूला गया है। इसके साथ ही यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करने के लिये जागरूकता अभियान भी चलाया गया । बुधवार को सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चल रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी के नेतृत्व में यातायात के तीनों थानों द्वारा हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग को लेकर जन-जागरूकता अभियान संचालित किया गया ।
खालसा स्कूल नौदरा में 150 छात्र, छात्राओं एवं सेंट नार्बट स्कूल में 200 छात्र, छात्राओं को जागरूक किया गया । उप पुलिस अधीक्षक यातायात गढा बैजनाथ प्रजापति एवं सउनि रामभूपत पटेल द्वारा मदनमहल स्थित निजी स्कूल में लगभग 150 छात्र, छात्राओं को जागयक किया गया। गुरू गोविंद सिंह खालसा स्कूल में लगभग 350 छात्र, छात्रओं को यातायात संबंधी शिक्षा प्रदान की गई। विगत 3 दिन में यातायात के तीनों थानों द्वारा बिना हेलमेट के 457 चालान एवं सीट बेल्ट के 261 चालान कर कुल 274200 रूपये समनशुल्क वसूल किया गया।
