
ब्यावरा। ब्यावरा में इंस्टाग्राम पर लडक़ी की फर्जी आईडी बनाकर मिलने के बहाने एक युवक को बुलाया और उसे पकडक़र उसके साथ जमकर मारपीट करने का मामला सामने आया है.
जानकारी के अनुसार युवक बताए गए स्थान पर पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद लोगों ने उसे घेरकर पकड़ लिया और पाइप-बेल्ट से उसकी जमकर पीटाई कर दी. घटना में युवक घायल हो गया. उसका सिविल अस्पताल में उपचार कराया गया. युवक ने आरोप लगाया है कि उसे लडक़ी के जरिए इंस्टाग्राम पर मैसेज कर बुलाया गया फि र पीटा. उसने लडक़ी पर परेशान करने का आरोप भी लगाया है. मामला बुधवार को सामने आया है. शिकायत के बाद पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जबकि अन्य की तलाश जारी है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जीरापुर निवासी प्रदीप पिता रंगलाल भिलाला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि इंस्टाग्राम पर बनी एक लडक़ी की आईडी के जरिए उससे संपर्क किया गया था. मंगलवार रात उसे बातचीत के बाद उसे अपना नगर स्थित बाग वाले बालाजी मंदिर के पास मिलने के लिए बुलाया गया.
देर रात वह बताए गए स्थान पर पहुंचा तो वहां कई लोग पहले से मौजूद थे. आरोप है कि इन लोगों ने उसे घेर लिया और पाइप व बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी. प्रदीप ने बचने की कोशिश की और किसी तरह वहां से निकलकर थाने पहुंचा. प्रदीप ने लडक़ी पर परेशान करने का आरोप लगाया है.
प्रदीप ने पुलिस को बताया कि मारपीट करने वालों में से वह किसी को पहले से नहीं पहचानता था. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इंस्टाग्राम आईडी के जरिए प्रदीप से संपर्क किसने किया था और उसे मिलने के लिए बुलाने की वजह क्या थी.
मामले में थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने बताया की मामले में युवक का मेडिकल कराया गया है. उसका उपचार भी चल रहा है. पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई कर रही है.
