आसियान-भारत समुद्री अभ्यास फिलीपींस में शुरू, भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत शामिल

नयी दिल्ली 30 सितम्बर (वार्ता) आसियान देशों और भारतीय नौसेना के बीच समुद्री अभ्यास (एआईएमई-2026) का दूसरा संस्करण फिलीपींस के सुबिक बे में चल रहा है।

रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि सोमवार से शुरू हुए इस अभ्यास में भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस सह्याद्रि और आईएनएस कुलिश के साथ आसियान देशों के युद्धपोत हिस्सा ले रहे हैं।

‘विश्वास में मजबूती, समुद्र में एकजुटता’ थीम के तहत हो रहे इस अभ्यास का उद्देश्य भारत और आसियान देशों की नौसेनाओं के बीच आपसी समझ, सहयोग और साथ मिलकर काम करने की क्षमता बढ़ाना है।

अभ्यास के उद्घाटन समारोह में फिलीपींस में भारत के राजदूत हर्ष कुमार जैन मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए और उन्होंने सभी देशों के नौसैनिकों को संबोधित किया।

अभ्यास के बंदरगाह चरण में विशेषज्ञों के बीच बातचीत, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां, सामुदायिक कार्यक्रम और संचालन से जुड़े अभ्यास होंगे। इसके बाद समुद्री चरण शुरू होगा, जिसमें भाग लेने वाली नौसेनाएं संयुक्त समुद्री अभ्यास और अन्य संचालन गतिविधियां करेंगी।

अभ्यास में आईएनएस सह्याद्रि और आईएनएस कुलिश की भागीदारी आसियान देशों की समुद्री सेनाओं के साथ समुद्री सहयोग मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह अभ्यास भारत की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ और ‘महासागर’ दृष्टिकोण के तहत आयोजित किया जा रहा है।

 

 

Next Post

दंपति से चाकू की नोक पर लूट करने वाले आरोपी गिरफ्तार

Wed Sep 30 , 2026
रीवा, रीवा के एक स्थानीय चिकित्सक के यहां इलाज कराने आए दंपति के साथ चाकू की नोक पर लूट करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपी आदतन अपराधी बताए जा रहे हैं पकड़े गए आरोपियों के पास से लूट गए मसरूका को पुलिस ने […]

You May Like