इंदौर: चंदन नगर क्षेत्र में एपीके फाइल डाउनलोड करना दो लोगों को भारी पड़ गया. मोबाइल हैक होने के बाद साइबर ठगों ने अलग-अलग मामलों में बैंक खातों से कुल 1.99 लाख रुपए निकाल लिए. पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.ताप्ती परिसर निवासी 39 वर्षीय हरविंदर सिंह झंज ने पुलिस को की शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल पर एक एपीके फाइल आई थी. इसे डाउनलोड करने के बाद मोबाइल हैक हो गया और कुछ समय तक काम करना बंद हो गया. इसके बाद उनके यूनियन बैंक खाते से 99 हजार रुपए डेबिट हो गए, जो यूपीआई के माध्यम से मुस्तफा अली की गूगल-पे आईडी पर ट्रांसफर हुए.
इसी तरह वर्धमान नगर निवासी 29 वर्षीय नीरज चौहान ने पुलिस को की शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल पर एपीके फाइल आई थी. डाउनलोड करने के बाद मोबाइल हैक हो गया और कुछ समय तक काम नहीं किया. इसके बाद उनके आईडीबीआई बैंक खाते से एक लाख रुपए निकल गए. यह रकम ऑनलाइन ट्रांसफर की गई. दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है. थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि मामले में फरियादियों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच में आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
