250 से अधिक मरीजों का विशेषज्ञों ने किया परीक्षण

सागर। सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के नाक, कान एवं गला विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय बधिरता सप्ताह के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का समापन हुआ। शिविर के दौरान 250 से अधिक मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण एवं आवश्यक परामर्श दिया गया। चिकित्सकों द्वारा चिन्हित 84 से अधिक मरीजों की निशुल्क श्रवण जांच की गई।इस अवसर पर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर ने कहा कि श्रवण क्षमता में कमी का समय पर पता लगाना और उचित उपचार अत्यंत महत्वपूर्ण है। विशेष रूप से बच्चों में सुनने की समस्या का शीघ्र परीक्षण उनके विकास, शिक्षा एवं सामाजिक जीवन के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि बीएमसी द्वारा इस प्रकार के स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

विभागाध्यक्ष नाक, कान एवं गला विभाग प्रो. डॉ. रीमा गोस्वामी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बधिरता सप्ताह के अंतर्गत विभाग द्वारा प्रतिवर्ष निशुल्क शिविर आयोजित किया जाता है। शिविर में मरीजों की जांच के साथ-साथ आवश्यकता अनुसार उपचार एवं आगे की जांच के लिए उचित मार्गदर्शन दिया जाता है।

बधिरता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उत्कृष्ट विद्यालय एवं आर्मी पब्लिक स्कूल में बीएमसी के छात्र-छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया। इसके माध्यम से बच्चों एवं आमजन को बहरेपन के कारणों, शुरुआती लक्षणों, बचाव तथा समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

 

 

Next Post

निर्माण की नई तकनीकों और भूकंपरोधी भवनों पर सम्मेलन

Wed Sep 30 , 2026
सीहोर। श्री सत्य सांईं यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मेडिकल साइंस, में हेडलबर्ग सीमेंट कंपनी द्वारा ठेकेदारों के लिए तकनीकी सम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन में आधुनिक निर्माण तकनीकों, भवनों को मजबूत एवं भूकंपरोधी बनाने तथा सीमेंट के साथ विभिन्न निर्माण सामग्री के उचित उपयोग की जानकारी दी गई. विशेषज्ञों […]

You May Like