
नीमच। पुलिस विभाग में अनुशासन और सामूहिक कार्यक्षमता बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला पुलिस लाइन कनावटी स्थित परेड मैदान पर जनरल परेड आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने परेड का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के टर्नआउट की जांच की। बेहतर टर्नआउट वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करते हुए पुरस्कृत किया गया, जबकि कमजोर टर्नआउट वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भविष्य के लिए सुधार की हिदायत दी गई।
रक्षित निरीक्षक अजय सिंह ने सुबह 6.30 बजे परेड मैदान पर विभिन्न टुकडिय़ों को निर्धारित अनुशासन के साथ खड़ा कराया। सुबह करीब 7.10 बजे पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के पहुंचने पर परेड कमांडर ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद एसपी ने टुकड़ीवार परेड का निरीक्षण किया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों की वर्दी, वेशभूषा एवं समग्र टर्नआउट का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद परेड का मार्चपास्ट कराया गया। करीब 7.40 बजे परेड का समापन हुआ। एसपी व्यास ने कहा कि नियमित परेड पुलिस बल में अनुशासन, एकरूपता और टीम भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
परेड के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित स्टोर, मोटर परिवहन शाखा तथा शस्त्रागार का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनरल परेड के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, जावद अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हर्ष राठौर, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक दिव्या चन्द्रवंशी, रक्षित निरीक्षक अजय सिंह, नीमच कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा, मनासा थाना प्रभारी हिमांशु चौहान सहित पुलिस लाइन, विभिन्न थानों एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ कुल 92 अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
