नयी दिल्ली, 29 सितंबर (वार्ता) नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (निफ्ट) की टीम ने शंघाई में आयोजित 48वीं वैश्विक कौशल प्रतियोगिता में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है और दो रजत पदक तथा एक उत्कृष्टता पदक जीता है। इस प्रतियोगिता में भारत ने विभिन्न श्रेणियों में 63 कौशल श्रेणियों में 70 प्रतियोगियों के साथ अब तक का अपना सबसे बड़ा दल भेजा और छह रजत पदक और 20 उत्कृष्टता पदक जीतकर 10वां स्थान प्राप्त किया। , केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि निफ्ट के विद्यार्थियों और विशेषज्ञों ने फैशन टेक्नोलॉजी, डिजिटल इंटरेक्टिव मीडिया डिजाइन, रिटेल सेल्स और विजुअल मर्चेंडाइजिंग सहित प्रमुख फैशन और रचनात्मक कौशल क्षेत्रों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। यह प्रतियोगिता 23 से 26 सितंबर तक चली, जिसमें लगभग 68 देशों और क्षेत्रों के 1,400 से अधिक युवा प्रतियोगियों ने 64 कौशल श्रेणियों में भाग लिया।
निफ्ट ने चार कौशल क्षेत्रों- फैशन प्रौद्योगिकी, दृश्य विपणन, खुदरा बिक्री और डिजिटल इंटरैक्टिव मीडिया डिजाइन- में प्रतिनिधित्व किया और तीन कौशल श्रेणियों में दो रजत पदक और उत्कृष्टता पदक प्राप्त किए । संस्थान 2011 से इस कौशल में भाग ले रहा है। विज्ञप्ति के अनुसार निफ्ट, गांधीनगर से फैशन डिजाइन में स्नातक विधि नीरव कुमार सुथार ने फैशन टेक्नोलॉजी में भारत का प्रतिनिधित्व किया और उत्कृष्टता के लिए पदक प्राप्त किया। उन्होंने निफ्ट , नई दिल्ली में भारतीय विशेषज्ञ प्रोफेसर (डॉ.) मोनिका गुप्ता और निफ्ट प्रशिक्षण दल के मार्गदर्शन में चार महीने का गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा किया ।
डिजिटल इंटरेक्टिव मीडिया डिज़ाइन श्रेणी में, निफ्ट मुंबई के कोविड अजय गंगराडे ने रजत पदक जीता, जबकि निफ्ट, पंचकुला की सानिया जोशी ने खुदरा बिक्री में रजत पदक जीता। उनकी उपलब्धियां विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं क्योंकि ये उभरती कौशल श्रेणियों में से हैं, जो फैशन और रचनात्मक उद्योगों की बदलती प्रकृति और इस क्षेत्र में प्रौद्योगिकी, डिजिटल प्लेटफॉर्म और ग्राहक अनुभव के बढ़ते एकीकरण को दर्शाती हैं। इस प्रतियोगिता में निफ्ट ने विजुअल मर्चेंडाइजिंग तक भी फैली हुई थी, जिसमें निफ्ट बेंगलुरु की सुश्री अनुजा अजय वारे ने इस कौशल में देश का प्रतिनिधित्व किया।

