
जबलपुर। यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडल के 284 स्टेशनों पर विशेष अभियान चलाया गया। एक माह में 9,850 नलों व वाटर बूथों तथा 1,086 जल टंकियों की सफाई कराई गई, जबकि 130 स्थानों पर पाइपलाइन की मरम्मत या बदलाव किया गया। अभियान के दौरान 893 जल नमूनों की जांच की गई, जिनमें सभी मानक अनुरूप पाए गए।
इनमें जबलपुर मंडल के 114 स्टेशनों से 654, भोपाल के 88 स्टेशनों से 164 और कोटा मंडल के 82 स्टेशनों से 75 नमूने शामिल हैं। रेलवे ने जल गुणवत्ता की नियमित जांच और रखरखाव आगे भी जारी रखने की बात कही है।
