नयी दिल्ली, 28 सितंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में सोमवार को चीनी की औसत कीमत में तेजी रही। चीनी के साथ चावल, गेहूं, दालें और खाद्य तेल भी महंगे हो गए।
मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत चार रुपये बढ़कर 5,166 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। वहीं, गुड़ की कीमत 23 रुपये घटकर 5,898 रुपये प्रति क्विंटल रह गई। खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत 87 पैसे बढ़कर 56.17 रुपये प्रति किलोग्राम हो गयी।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 31 रुपये बढ़कर 4,201 रुपये प्रति क्विंटल हो गयी। गेहूं चार रुपये महंगा हुआ और 2,889 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे का भाव कमोबेश पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर स्थिर रहा।
अधिकतर दाल-दलहनों में भी तेजी रही। मसूर दाल की औसत कीमत 92 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। तुअर दाल और चना दाल के दाम 26-26 रुपये बढ़े। मूंग दाल 11 रुपये महंगी हुई। वहीं, उड़द दाल 11 रुपये टूट गयी।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में आज पाम ऑयल का दिसंबर वायदा नौ रिंगिट टूटकर 4,663 रिंगिट प्रति टन रह गया। दिसंबर का अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 1.09 प्रतिशत लुढ़ककर 67.10 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
स्थानीय बाजार में सरसों तेल की औसत कीमत 95 रुपये और पाम ऑयल की 65 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। वनस्पति 48 रुपये और सोया तेल 36 रुपये महंगा हुआ। मूंगफली तेल का भाव 30 रुपये चढ़ गया। सूरजमुखी तेल छह प्रति क्विंटल फिसल गया।
