जबलपुर: साइबर ठग हर दिन नए नए पैंतरे आजमा कर खातों को खाली कर रहे हैं। अब लोगों के बैंक खातों के साथ-साथ उनके मोबाइल फोन भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। शहर के अधारताल, विजयनगर, गढ़ा और घमापुर थाना क्षेत्रों में ऑनलाइन धोखाधड़ी के 6 मामले सामने आए हैं। ठगों ने कहीं बीमारी का झूठा झांसा देकर, कहीं डिलीवरी के नाम पर, तो कहीं स्क्रीन हैकिंग और फर्जी गूगल नंबरों के जरिए कुल 3,49,776 रुपये पार कर दिए। पुलिस ने सभी मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अधारताल निवासी 85 वर्षीय बुजुर्ग नरेंद्र कुमार मिश्रा को रिश्तेदार के अपोलो अस्पताल में भर्ती होने और हार्ट अटैक आने का फर्जी झांसा देकर 1,02,000 हड़प लिए गए। विजयनगर निवासी सब्जी व्यापारी सूर्यकांत पटेल से 6 टन शिमला मिर्च का झूठा सौदा कर और सागर रहली में गाड़ी बुलवाकर बारकोड के जरिए 45,000 की चपत लगाई गई। विजयनगर निवासी रोहित मिश्रा का मोबाइल जेब में रखे-रखे हैक हो गया। स्क्रीन पर वीवो ऐप के साथ 33 मिनट का टाइमर चला और खाते से 28,399 पार हो गए। इसी प्रकार रेलवे के लोको पायलट दिव्यांश हनोतिया निवासी गढ़ा के बैंक खाते में बिना किसी अनुमति या ओटीपी के सेंध लगाकर 34,679 निकाल लिए गए। घमापुर निवासी अभिषेक कुशवाहा का मोबाइल जब घर पर चार्जिंग पर लगा था, तभी हैकर्स ने रिमोट एक्सेस लेकर उनके योनो ऐप से 93,000 उड़ा दिए। घमापुर निवासी सुरेंद्र कुमार यादव ने स्किन डॉक्टर के लिए गूगल से नंबर निकाला, जो ठगों का था। 10 की ऑनलाइन पर्ची काटने के बहाने उनका फोन हैक कर 46,349 साफ कर दिए गए।
