ग्वालियर: जीवाजी यूनिवर्सिटी के पैरामेडिकल डिपार्टमेंट जाने के लिए घर से निकला 17 वर्षीय छात्र लवकुश कुशवाहा रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से ग्राम अमायन, होरी मोहल्ला, तहसील मेहगांव (जिला भिंड) निवासी और वर्तमान में महलगांव कुंदन नगर में अपने बड़े भाई के साथ रहकर डीएमएलटी की पढ़ाई कर रहा लवकुश कुशवाहा घर से यूनिवर्सिटी जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा।
परिजनों द्वारा आसपास और रिश्तेदारियों में काफी खोजबीन करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई है। लापता छात्र का रंग सांवला, कद लगभग 5 फुट 6 इंच और बदन इकहरा है तथा वह पैरों में सैंडल पहने हुए था। परेशान परिजनों ने छात्र का पता बताने या सही जानकारी देने वाले व्यक्ति को 15,000 रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है।
