मुख्यमंत्री अब्दालपुरा जाएंगे, अपने ही मकान पर हथौड़ा चलाएंगे 

उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के लिए शहर में सडक़ चौड़ीकरण की कार्रवाई के बीच रविवार को अब्दालपुरा में एक ऐसा दृश्य देखने को मिल सकता है, जिसका संदेश उज्जैन से निकलकर पूरे मध्यप्रदेश तक जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने पैतृक मकान पर स्वयं हथौड़ा चलाकर चौड़ीकरण की जद में आए हिस्से को हटाएंगे। जिस मकान में उनका बचपन बीता, जहां उन्होंने जन्म लिया, खेलते हुए बड़े हुए और शिक्षा हासिल की, उसी मकान का हिस्सा अब सिंहस्थ के लिए प्रस्तावित सडक़ चौड़ीकरण में आ रहा है।

अब्दालपुरा मुख्यमंत्री के लिए केवल एक मोहल्ला नहीं, बल्कि उनके बचपन और परिवार से जुड़ी स्मृतियों की एक भंडार है। इसी क्षेत्र में उनकी बहन और नगर निगम सभापति कलावती यादव सहित परिवार के अन्य सदस्यों के मकान भी चौड़ीकरण से प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में जब क्षेत्र के लोग शहर के विकास और सिंहस्थ की जरूरत को देखते हुए अपने हाथों से अपने आशियाने के चिह्नित हिस्से हटा रहे हैं, मुख्यमंत्री का भी अपने पैतृक मकान के हिस्से को स्वयं हटाना इस सहभागिता को अलग अर्थ देगा। रविवार को मुख्यमंत्री का अपने पैतृक मकान पर स्वयं हथौड़ा चलाना इसलिए भी महत्वपूर्ण होगा क्योंकि यह वही क्षेत्र है, जहां उनके परिवार की जड़ें जुड़ी हैं। शहर के विकास के लिए आम नागरिक जिस त्याग और सहयोग का उदाहरण पेश कर रहे हैं, उसी में मुख्यमंत्री की व्यक्तिगत भागीदारी सामने आएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को सुबह 10.30 बजे से उज्जैन में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। महाकाल लोक परिसर में नए थाने का लोकार्पण भी प्रस्तावित है। इसके साथ तपोभूमि में बने नए थाने का भी उद्घाटन होगा। दो नए थाने जुडऩे से उज्जैन में पुलिस व्यवस्था का विस्तार होगा।महाकाल क्षेत्र में देशभर से श्रद्धालु आते हैं। मंदिर परिसर, होटल, दुकान और अन्य स्थानों पर होने वाले विवादों के मामलों में अब तक महाकाल थाने पर अतिरिक्त दबाव रहता था। नए थानों के संचालन से क्षेत्र का कार्य विभाजन होने और शिकायतों तथा अपराध संबंधी मामलों के निपटारे में तेजी आने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री डॉ यादव नगर निगम व अन्य विभागों में अनुकंपा आधार पर नियुक्त किए गए कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात को भी मुख्यमंत्री सुनेंगे। रविवार को मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में सबसे अधिक चर्चा अब्दालपुरा में उनके पैतृक मकान की रहेगी। सिंहस्थ की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री स्वयं अपने घर के चिह्नित हिस्से को हटाते हैं तो यह कार्रवाई विकास में नागरिकों की भागीदारी और व्यक्तिगत स्तर पर त्याग का प्रत्यक्ष उदाहरण बन जाएगी।

व्यक्तिगत हित से ऊपर शहर विकास, मस्जिद से गणेश चौक तक 

सिंहस्थ 2028 में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना है। शहर की सडक़ों पर बढऩे वाले दबाव, यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। अब्दालपुरा मार्ग भी इसी योजना का हिस्सा है। मुख्यमंत्री का अपने ही मकान के मामले में आम रहवासी की तरह आगे आना विकास के लिए व्यक्तिगत हित से ऊपर सामूहिक हित को रखने का संदेश देगा। नवभारत से चर्चा में नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने बताया कि खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक करीब 730 मीटर मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। इस पर करीब 9.80 करोड़ रुपए खर्च होंगे। चौड़ीकरण से 272 भवन प्रभावित होना प्रस्तावित है। नगर निगम द्वारा नपती, सडक़ सीमा की मार्किंग और प्रभावित भवन स्वामियों को नोटिस देने की कार्रवाई पूरी की जा चुकी है। शनिवार से क्षेत्र के नागरिकों ने स्वयं आगे बढक़र चिह्नित हिस्से हटाना शुरू कर दिया। विनोद राठौड़ और रविंद्र कुमार राठौर ने भी अपने मकान के प्रभावित हिस्से हटाने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। शनिवार को आयुक्त ने इस क्षेत्र का अवलोकन भी किया।

Next Post

दृष्टिबाधित कलाकारों ने बांधा सुरों का समां

Sat Sep 26 , 2026
जबलपुर। गोल बाजार स्थित महाकौशल शहीद स्मारक ऑडिटोरियम शनिवार शाम सदाबहार फिल्मी गीतों की सुरमयी प्रस्तुतियों से गूंज उठा। मुंबई की ‘उड़ान’ संस्था और महाकौशल शहीद स्मारक ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘सदाबहार नगमे’ में दृष्टिबाधित गायकों और वाद्य कलाकारों ने लोकप्रिय हिंदी फिल्मी गीतों की प्रस्तुतियों से श्रोताओं […]

You May Like