आष्टा। नगर के अलीपुर में बिना किसी वैध डिग्री और अनुमति के धड़ल्ले से चलाए जा रहे एक फर्जी दवाखाने का स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भंडाफोड़ किया है. मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित माथुर को मिली शिकायत के बाद गठित विशेष जांच टीम ने खान दवाखाना पर औचक दबिश देकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार अलीपुर स्थित खान दवाखाना के संबंध में स्वास्थ्य विभाग को शिकायत मिलने पर मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित माथुर द्वारा जांच दल का गठन कर डॉ. भूपेंद्र परमार, डॉ. जयदीप सिसोदिया मोहन श्रीवास्तव तथा श्री सुरेश सेन को शामिल किया गया. जांच टीम जब मौके पर पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए. दवाखाने का संचालन सुगरा बी और उनका पुत्र सिराज खान करते पाए गए. जब टीम ने उनसे डिग्री, वैध दस्तावेज और चिकित्सा प्रैक्टिस करने के अनुमति पत्र की मांग की, तो वे कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके. जांच के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ कि दवाखाना चला रही सुगरा बी पूरी तरह निरक्षर हैं. उक्त झोलाछाप डॉक्टरों द्वारा मरीजों को मस्से और बवासीर का पेटेंट इलाज देने का झांसा दिया जाता था. इस फर्जी दावे और इलाज के नाम पर वे बेबस मरीजों से भारी-भरकम राशि की वसूली करते थे.
टीम के पहुंचते ही मौके पर एक महिला मरीज का इलाज किया जा रहा था। जब अधिकारियों ने दवाखाने की सूक्ष्मता से जांच की, तो वहां से भारी मात्रा में सर्जिकल उपकरण बरामद हुए। इनमें ऑपरेशन में इस्तेमाल होने वाली कैंची, सीजऱ, सिरिंज और कई अन्य सर्जिकल उपकरण शामिल हैं. जांच दल द्वारा इस मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
