
सिंगरौली । सीएम हेल्पलाइन 181 की शिकायतों के प्रभावी एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण में सिंगरौली पुलिस ने प्रदेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है। 21 अगस्त को जारी जिलेवार ग्रेडिंग में सिंगरौली को 88.6 वेटेज स्कोर के साथ ए ग्रेडिंग मिली। जिले ने प्रथम समूह में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है।
एसपी सियाज केएम के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा सीएम हेल्पलाइन की प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से समीक्षा की गई। शिकायतकर्ताओं से व्यक्तिगत संपर्क कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और संबंधित मामलों का त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण कराया गया। जुलाई माह में पुलिस से संबंधित कुल 1211 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 1090 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया गया। शिकायतों के निराकरण में महिला थाना ने 100 प्रतिशत वेटेज स्कोर हासिल किया, जबकि गढ़वा और लंघाडोल थाना 95 प्रतिशत तथा अन्य थानों ने 80 प्रतिशत से अधिक वेटेज स्कोर प्राप्त किया। एसपी द्वारा एल-1 अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों एवं पर्यवेक्षक अधिकारियों को शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग और पीड़ितों की समस्याओं के गंभीरतापूर्वक समाधान के लिए निर्देशित किया गया था। इस उपलब्धि पर एसपी सियाज केएम ने एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा, समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों, साइबर सेल, शिकायत शाखा एवं पूरी टीम की सराहना करते हुए बधाई दी। साथ ही टीम के उत्साहवर्धन के लिए बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को नगद राशि से पुरस्कृत किया गया। यह उपलब्धि पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत एवं उप महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र हेमन्त चौहान के निर्देशन तथा एसपी के मार्गदर्शन में हासिल हुई।
