बांकुड़ा, (वार्ता) पश्चिम बंगाल के जंगलमहल क्षेत्र में भाकपा (माओवादी) नेटवर्क को बड़ा झटका देते हुए दो इनामी नेताओं सहित तीन वरिष्ठ माओवादी कैडरों ने बुधवार को बांकुड़ा में बंगाल पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
एडीजी (पश्चिमी क्षेत्र) आनंद कुमार ने संवाददाताओं को बताया, “सरकार की पुनर्वास नीति के तहत इन कैडरों के नाम स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष भेजे जाएंगे। इसके अलावा इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी और चरणबद्ध तरीके से पूछताछ की जाएगी, क्योंकि ये बंगाल और झारखंड में दर्ज करीब 80 प्राथमिकी में नामजद हैं।” उन्होंने बताया कि ये कैडर 2006 से 2014 के दौरान बंगाल में कई माओवादी गतिविधियों में शामिल थे और बाद में पड़ोसी राज्य झारखंड में चले गए थे।
आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों की पहचान क्षेत्रीय समिति के सदस्य राम प्रसाद मार्डी उर्फ सचिन उर्फ महाराज (15 लाख रुपये का इनामी), जोनल कमेटी सदस्य मीता उर्फ नयनतारा (10 लाख रुपये की इनामी) और बेलपहाड़ी दस्ते की ओवरग्राउंड आयोजक जबा महतो के रूप में हुई है। इन तीनों ने बांकुड़ा पुलिस कार्यालय में आत्मसमर्पण के दौरान एएम-47 और इंसास राइफलों सहित कारतूस और मैगजीन पुलिस को सौंपे।
एडीजी आनंद कुमार ने बताया कि बांकुड़ा के पुलिस अधीक्षक पीवीजी सतीश और उनकी टीम के सतत प्रयासों तथा स्थानीय संपर्कों के सहयोग से यह आत्मसमर्पण संभव हो सका है। पुलिस के अनुसार, झारखंड के सारंडा-कोल्हान-पोराहाट के जंगलों में सीआरपीएफ, कोबरा और राज्य पुलिस द्वारा चलाए जा रहे संयुक्त अभियानों के चलते रसद और नागरिक सहायता से कट जाने के बाद इन नेताओं ने मध्यस्थों के माध्यम से आत्मसमर्पण की इच्छा जताई थी।
