
भोपाल। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य ने भोपाल मेट्रो की ब्लू लाइन के निर्माण कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने सुबह 6 बजे से भदभदा से रत्नागिरी तक विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया. इस दौरान निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान प्रबंध संचालक ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान आमजन की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए. निर्माण स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, सुरक्षित आवागमन और ट्रैफिक प्रबंधन की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के कारण आम लोगों को परेशानी न हो और आवश्यक जनसुविधाओं की व्यवस्था लगातार बनी रहे. निरीक्षण के दौरान कॉर्पोरेशन के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी अधिकारी और परियोजना से जुड़े अभियंता मौजूद रहे.
