
जबलपुर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के जरिए मदनमहल कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ने फर्जी वीडियो तैयार कर लिया। इसके बाद आरोपी सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर धमकी देकर लगातार शराब कारोबार से जबरन वसूली कर रहा था। ब्लैकमेल कर धरना प्रदर्शन करने और शराब दुकान बंद कराने की धमकी दे रहा था। गढ़ा पुलिस ने मामले में कांग्रेस नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार निखिल सोनी निवासी नवनिवेश कॉलोनी, गढ़ा शराब कारोबारी है। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अभिषेक पाठक निवासी शास्त्री नगर का पिछले तीन साल से उन्हें और उनके शराब व्यवसाय को निशाना बना रहा था। आरोपी लगातार धमकी दे रहा था कि अगर उसे नियमित पैसे नहीं दिए गए, तो वह दुकानों के सामने धरना-प्रदर्शन कर धंधा बंद करवा देगा। आरोपी द्वारा डरा-धमकर 20,000 की मांग की जा रही थी।
बात नहीं मानी तो एआई से रची साजिश
जब निखिल सोनी ने आरोपी की अवैध वसूली और गुंडागर्दी के आगे झुकने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने डिजिटल का सहारा लिया। आरोपी अभिषेक पाठक ने आधुनिक एआई के जरिए पीडि़त निखिल सोनी के चेहरे और आवाज को मॉर्फ करके एक कूटरचित और आपत्तिजनक वीडियो तैयार कर लिया। आरोपी ने इस फर्जी कंटेंट को सोशल मीडिया पर वायरल कर पीडि़त की सामाजिक और व्यावसायिक छवि को पूरी तरह बर्बाद करने की धमकी दी।
