बीकेएसएन कॉलेज में 16 ऐड ऑन कोर्स का होगा संचालन

शाजापुर, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस बीकेएसएन शासकीय महाविद्यालय शाजापुर में प्राचार्य डॉ. एसके तिवारी के मार्गदर्शन एवं आईक्यूएसी व नैक को-ऑर्डिनेटर डॉ. अरुण कुमार बोडाने की नई पहल पर विद्यार्थियों के कौशल विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ नैक उन्नयन के लिए 16 विषयवार ऐड ऑन कोर्स संचालित किए जाएंगे.

इसके लिए सितंबर 2026 से फरवरी 2027 तक का माहवार एवं विभागवार शेड्यूल तैयार किया गया है. इस पहल के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा विद्यार्थियों को उनके नियमित पाठ्यक्रम के अतिरिक्त व्यावहारिक, कौशल केंद्रित एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जाएगा. इन कोर्स में संचार एवं रचनात्मक लेखन, डिजिटल साक्षरता, वित्तीय साक्षरता एवं उद्यमिता, तार्किक चिंतन, वैज्ञानिक एवं प्रयोगशाला कौशल, पर्यावरण संरक्षण, संविधान एवं नागरिक जागरुकता, सामाजिक सहभागिता, आपदा प्रबंधन तथा अनुवाद कौशल जैसे अन्य विषयों को शामिल किया गया है. आईक्यूएसी एवं नैक को-ऑर्डिनेटर डॉ. अरुण कुमार बोडाने ने बताया कि ऐड ऑन कोर्स की यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को डिग्री के साथ अतिरिक्त ज्ञान कौशल और व्यावहारिक दक्षता प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को बदलती शैक्षणिक एवं रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना तथा महाविद्यालय में गुणवत्ता आधारित शैक्षणिक गतिविधियों को और मजबूत करना है.

विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की गतिविधियां नियमित शिक्षा को अधिक उपयोगी एवं परिणामोन्मुख बनाती हैं. डॉ. बोडाने ने सभी विभागों के विभागाध्यक्षों एवं विद्यार्थियों से इन ऐड ऑन कोर्स में सक्रिय सहभागिता की अपेक्षा की.

इनका कहना है…

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक पाठ्यक्रम से आगे व्यावहारिक एवं रोजगारपरक कौशल प्रदान करना तथा महाविद्यालय में गुणवत्ता आधारित शैक्षणिक गतिविधियों को सुदृढ़ करना है. – डॉ. अरुण कुमार बोडाने, आईक्यूएसी एवं नैक को-ऑर्डिनेटर

Next Post

सोनिया गांधी कैसे मतदाता बनीं - इसका भी जवाब दे कांग्रेस : भाजपा

Tue Sep 22 , 2026
नयी दिल्ली, 22 सितंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी का नाम देश में कथित रूप से गलत तरीकों से मतदाता सूची में दर्ज किये जाने को लेकर चल रहे कानूनी विवाद पर मंगलवार को विपक्षी पार्टी से सवाल किया कि क्या उसने और […]

You May Like