
देवसर । अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ देवसर क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में जियावन पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर क्षेत्र में दबिश देकर रेत से लदे तीन ट्रैक्टर जप्त किए। जप्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 11:05 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई एसडीओपी देवसर डॉ. गायत्री तिवारी के निर्देशन में थाना जियावन क्षेत्र में की गई।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान तीनों ट्रैक्टर बिना नंबर के सोनालिका कंपनी के पाए गए। वाहन चालकों से रेत एवं परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर चालक पिन्टू रजक पिता केमला प्रसाद रजक उम्र 25 वर्ष निवासी गोड़गवां मिला। उक्त वाहन का मालिक प्रेमलाल शुक्ला बताया गया है। दूसरे वाहन के चालक गोविन्द रावत पिता सुशीले रावत उम्र 22 वर्ष निवासी चकुआर की पहचान हुई है। तीसरे ट्रैक्टर का चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया। इधर जियावन पुलिस ने तीनों मामलों में ट्रैक्टर चालक एवं वाहन मालिको के अपराध के तहत आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 317(5) बीएनएस एवं 4/21 खान एवं खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। उक्त कार्रवाई में एसडीओपी देवसर डॉ. गायत्री तिवारी, थाना प्रभारी जियावन राजेशचन्द्र मिश्रा, उनि एलएन द्विवेदी, प्रआर दिनेश कुमार, आर सदन कुमार एवं बबलू यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
