प्योंगयांग, 22 सितंबर (वार्ता) उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने पार्टी अधिकारियों से समय की जरूरतों के अनुरूप देश के प्रचार और वैचारिक अभियानों को आधुनिक बनाने का आह्वान किया है। सरकारी मीडिया ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
कोरियाई केंद्रीय समाचार एजेंसी (केसीएनए) के अनुसार, किम ने सोमवार को सूचना क्षेत्र के अधिकारियों की चार दिवसीय तीसरी कार्यशाला के समापन समारोह को संबोधित करते हुए वैचारिक कार्य के ‘सामग्री, स्वरूप, तरीकों और साधनों’ को आधुनिक बनाने से जुड़े ‘सैद्धांतिक मुद्दों’ और कार्यों को सामने रखा।
उन्होंने सूचना एवं जनजागरूकता गतिविधियों तथा सांस्कृतिक निर्माण में ‘नवाचार’ का आह्वान करते हुए अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि वैचारिक अभियान “समय, क्रांति और जनता की अपेक्षाओं” के अनुरूप हों।
किम ने विशेष रूप से ‘आधुनिक सूचना और तकनीकी साधनों’ के इस्तेमाल का आह्वान किया, ताकि ‘प्रतिक्रियावादी वैचारिक संस्कृति के प्रसार को पूरी तरह रोका जा सके।’ इसका उद्देश्य बाहरी विचारों और प्रभावों के देश में प्रवेश को रोकने के प्रयासों को मजबूत करना है। केसीएनए के अनुसार, चार दिवसीय कार्यशाला में किम की ‘क्रांतिकारी विचारधारा’, ‘क्रांतिकारी अवशेषों’ और पार्टी के नेतृत्व की उपलब्धियों पर आधारित वैचारिक शिक्षा पर चर्चा की गयी। प्रतिभागियों से कोरियाई वर्कर्स पार्टी की नौवीं कांग्रेस के फैसलों को लागू करने के लिए जनता को प्रेरित करने वाले ‘सूचना और प्रचार अभियान’ को तेज करने का आह्वान किया गया। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों और संस्थानों की जरूरतों के अनुरूप वैचारिक कार्य करने पर जोर दिया गया।
कार्यशाला में वैचारिक कार्य के ‘नए स्वरूपों और तरीकों’, सूचना को व्यावहारिक और प्रभावशाली तरीके से लोगों तक पहुंचाने तथा पार्टी की नीतियों के अनुरूप दृश्य सामग्री का अधिक प्रभावी इस्तेमाल करने के तरीकों पर भी चर्चा हुई। केसीएनए के अनुसार, 2022 में शुरू होने के बाद इस वर्ष यह इस तरह की तीसरी कार्यशाला थी। किम ने इसके उद्घाटन और समापन दोनों समारोहों में हिस्सा लिया तथा दोनों अवसरों पर संबोधन दिया।
Next Post
छात्रों की गूँज” में मिमिक्री विवाद: सिंधिया बोले- ये जोक नहीं था, भारत की हर माँ पर मजाक था
Tue Sep 22 , 2026
ग्वालियर। इंदौर में 19 सितम्बर को आयोजित राहुल गांधी के छात्रों की गूँज कार्यक्रम में हुआ मिमिक्री विवाद अभी शांत नहीं हुआ है। सोशल मीडिया से लेकर मेन स्ट्रीम मीडिया में इसे लेकर चर्चा जारी है, कांग्रेस और उनकी समर्थक पार्टियों के नेता भले ही राहुल गांधी का बचाव कर […]

You May Like
-
5 months ago
आर्थिक आतंकवाद फैला रहा ईरान : जेडी वेंस
-
8 months ago
शहरी क्षेत्र में दो अवैध कॉलोनियों पर चला बुल्डोजर
-
9 months ago
महू के बेरछा गांव में बम फटा, बुजुर्ग महिला घायल
