खेलने निकला 8 साल का बच्चा पानी के गड्ढे में डूबा, मौत

इंदौर: गांधी नगर के नया बसेरा क्षेत्र में रविवार को पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 8 साल के बच्चे की मौत हो गई. बच्चा सुबह घर से खेलने की बात कहकर निकला था, लेकिन दोपहर तक वापस नहीं लौटा. परिजनों ने आसपास तलाश की तो गड्ढे के पास उसके कपड़े मिले. इसके बाद पानी में तलाश करने पर उसका शव बरामद हुआ.
मृतक की पहचान वंश उम्र 8 साल पिता विशाल निवासी नया बसेरा के रूप में हुई है, वह चौथी कक्षा में पढ़ता था. रविवार को स्कूल की छुट्टी होने के कारण सुबह घर पर था. बाद में वह खेलने जाने की बात कहकर बाहर निकला था. दोपहर करीब डेढ़ बजे तक वंश के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की.

इस दौरान क्षेत्र के कुछ बच्चों ने बताया कि वंश पानी से भरे गड्ढे में नहाने जाने की बात कह रहा था. परिजन गड्ढे के पास पहुंचे तो वहां वंश के कपड़े मिले. आशंका के बाद पानी में तलाश की गई तो उसका शव मिला. परिजन शव बाहर निकालकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. मामले में थाना प्रभारी अनिल यादव ने बताया कि वंश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. बच्चे के पानी में डूबने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. शव बरामद कर आवश्यक कार्रवाई की गई है. प्रारंभिक जानकारी में बच्चे के गड्ढे में नहाने के दौरान डूबने की बात सामने आई है. मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है.

Next Post

भंडारा खाकर लौट रहे बच्चों ने खाए रतनजोत के बीज, 9 बच्चों की बिगड़ी हालत, अस्पताल में भर्ती

Mon Sep 21 , 2026
ग्वालियर: सिरसौद थाना क्षेत्र के हस्तिनापुर स्थित सिद्ध बाबा की पहाड़ी पर रविवार की रात पाल बघेल समाज का विशाल भंडारा आयोजित किया गया था। भंडारा खाने के बाद घर लौट रहे कुछ बच्चे रास्ते में एग्रीकल्चर विभाग की बगीचे के पास से गुजर रहे थे। बगीचे में रतनजोत के […]

You May Like